Dhanbad: धनबाद जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी चार नंबर स्थित जेएमएम नेता एवं जिला महानगर उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान के आवास और कार्यालय पर मंगलवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे छह वाहनों के काफिले के साथ ईडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जबकि स्थानीय पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
ईडी की कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे पूरे इलाके में गहमागहमी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने आवास और कार्यालय में दस्तावेजों समेत अन्य पहलुओं की जांच की।
हालांकि, छापेमारी किस मामले में की जा रही है, इसे लेकर ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।






