Dhanbad: धनबाद में कथित अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। रांची और कोलकाता से पहुंची ईडी की टीमों ने जिले के करीब एक दर्जन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के बाद संबंधित इलाकों में पूरे दिन हलचल का माहौल बना रहा।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमों ने सरायढेला स्थित नालंदा कॉटेज, एक अपार्टमेंट, कतरास, टिकियापाड़ा, महुदा, लोयाबाद और झरिया समेत कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ की जा रही है।
सूत्रों के हवाले से जिन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की जानकारी सामने आई है, उनमें कोयला कारोबारी पप्पू मंडल, गणेश यादव, माधव सिंह, हरेंद्र चौहान, अनिल गोयल, रोहित यादव, शबीर आलम तथा एलबी सिंह के करीबी रंजीत सिंह का नाम शामिल है।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान ईडी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और पेन ड्राइव भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है। फिलहाल ईडी की करीब 25 टीमें सभी चिन्हित ठिकानों पर कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
हालांकि, इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई और बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।






