पटना: पटना के दानापुर इलाके में दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जूली और चंपा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों महिलाओं की गला दबाकर हत्या की गई है। इनमें से एक महिला रेलवे में कार्यरत एक लोको पायलट की पत्नी बताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लगी रही।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे घरेलू विवाद, आपसी रंजिश या अन्य किसी वजह की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
दानापुर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।






