—मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय में होगी बैठक, 10 लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की टिकी निगाहें
पटना, 10 नवंबर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को बिहार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक शाम 5:30 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ोतरी की सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में डीए में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी किए जाने के बाद बिहार के कर्मचारियों को भी राज्य सरकार के फैसले का इंतजार है।
डीए बढ़ोतरी पर कर्मचारियों की नजर
केंद्र सरकार के फैसले के बाद बिहार सरकार भी आमतौर पर अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी करती रही है। इसी परंपरा को देखते हुए राज्य के 10 लाख से अधिक कर्मचारी और पेंशनभोगी डीए में वृद्धि की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
अगर सम्राट सरकार कैबिनेट बैठक में डीए बढ़ाने का फैसला लेती है, तो कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को छठ से पहले बड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला कैबिनेट की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।
राजग सरकार के एक साल पूरे होने से पहले अहम बैठक
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के एक वर्ष आगामी 20 नवंबर को पूरे होने वाले हैं। ऐसे में आज की कैबिनेट बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में नौकरी, रोजगार और राज्य के विकास से जुड़े फैसलों को लेकर भी लोगों की निगाहें टिकी हैं। सरकार की ओर से संभावित फैसलों को लेकर कर्मचारियों, युवाओं और आम नागरिकों में उत्सुकता है।
28 अक्टूबर को हुई थी पिछली कैबिनेट बैठक
इससे पहले 28 अक्टूबर को मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी। उस बैठक में बिहार विधानमंडल के आगामी सत्र को लेकर फैसला लिया गया था।
निर्णय के अनुसार, बिहार विधानमंडल का सत्र 30 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से द्वितीय अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।
अब 10 नवंबर की कैबिनेट बैठक में होने वाले फैसलों पर सभी की नजरें टिकी हैं। खासकर डीए बढ़ोतरी को लेकर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सरकार की घोषणा का इंतजार है।






