झारखंड में करमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, कोयल नदी में 5 युवक डूबे; 4 के शव बरामद, एक की तलाश जारी

Share

पलामू, 23 सितंबर। झारखंड के पलामू जिले में करमा पूजा के विसर्जन के दौरान बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के दुल्ही गांव स्थित कोयल नदी में करमा विसर्जन के बाद नहाने के दौरान पांच युवक डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है। लापता युवक की तलाश में स्थानीय लोगों और पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है।

करमा विसर्जन के बाद नदी में नहाने लगे युवक

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे पतरिया गांव के बड़ी संख्या में लोग करमा पूजा के विसर्जन के लिए दुल्ही गांव स्थित कोयल नदी के तट पर पहुंचे थे। पतरिया गांव से यह स्थान करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कुछ युवक नदी में नहाने लगे।

इसी दौरान नीतीश कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर, राजा सिंह, विशाल पासवान और हेमंत कुमार सिंह समेत अन्य युवक नदी में उतर गए। अचानक पांचों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

चार युवकों को नदी से निकाला गया

युवकों के डूबने की जानकारी मिलते ही नदी तट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से चार युवकों को नदी से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव कार्य में जुट गई।

एमएमसीएच में चार को मृत घोषित किया गया

नदी से बाहर निकाले गए चारों युवकों को परिजन इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतकों की पहचान नीतीश कुमार सिंह (18), पिता बाबूलाल सिंह, अमित कुमार ठाकुर (22), पिता पुरानी ठाकुर, राजा सिंह (12), पिता संजय सिंह और विशाल पासवान (16), पिता तिलकधारी पासवान के रूप में हुई है।

आठ वर्षीय हेमंत अब भी लापता

हादसे में हेमंत कुमार सिंह (8), पिता सुनील सिंह अब भी लापता बताया जा रहा है। वह भी पतरिया गांव का निवासी है। उसकी तलाश के लिए नदी में अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोग भी पुलिस के साथ खोजबीन में जुटे हुए हैं।

सभी पतरिया गांव के रहने वाले

हादसे में मृत और लापता सभी युवक बोकेया के पतरिया गांव के निवासी बताए गए हैं। करमा पूजा के विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। एक साथ चार युवकों की मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विधायक और सांसद प्रतिनिधि ने जताया शोक

घटना की जानकारी मिलने के बाद डाल्टनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया और पलामू सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। दोनों ने घटना की जानकारी ली और हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।

पुलिस की ओर से लापता युवक की तलाश जारी है। हादसे के बाद प्रशासन की टीम भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930