पटना: प्रधानमंत्री Narendra Modi की ‘ईंधन संरक्षण’ अपील का असर अब बिहार में भी दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री द्वारा वैश्विक ऊर्जा संकट और वेस्ट एशिया के तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल की बचत की अपील के बाद बिहार सरकार के तीन मंत्रियों ने सादगी और मितव्ययिता की मिसाल पेश की है।
वैशाली जिले के महुआ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार सरकार के मंत्री Sanjay Singh, Sanjay Paswan और Lakhendra Paswan एक ही सरकारी गाड़ी से पहुंचे। तीनों मंत्रियों ने अलग-अलग काफिलों के बजाय कार पूलिंग का रास्ता अपनाते हुए ईंधन बचत और सरकारी खर्च में कटौती का संदेश दिया।
मंत्रियों ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को लागू करना सभी की जिम्मेदारी है और देश के विदेशी मुद्रा भंडार तथा ऊर्जा संसाधनों की बचत के लिए छोटे-छोटे प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ‘ईंधन संरक्षण’ मिशन के साथ मजबूती से खड़ी है।
तीनों मंत्रियों की इस पहल की राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा हो रही है। इसे आम लोगों के बीच ऊर्जा संरक्षण और सादगी का सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।





