मांझी के रामघाट को मिली नई पहचान, 8.20 करोड़ रुपये की लागत से विकसित रिवर फ्रंट और अटल वाटिका का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

Share

रामघाट पर हर साल मनाया जाएगा अटल उत्सव, छठ से पहले श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा; बिहार में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य

सारण, 12 नवंबर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सारण जिले के मांझी प्रखंड स्थित रामघाट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने अटल वाटिका, अटल द्वार और रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना का उद्घाटन भी किया। उन्होंने घोषणा की कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर रामघाट पर प्रत्येक वर्ष राजकीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और अटल उत्सव मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रामघाट का विस्तार दोनों तरफ स्थित पुलों तक किया जाए और इसके विकास के लिए आवश्यक कार्य तेजी से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि रामघाट का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। छठ महापर्व से पहले घाट का विकास होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

8.20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित हुआ रामघाट

बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) की ओर से 8 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना के तहत रामघाट का विकास किया गया है। मुख्यमंत्री ने अटल द्वार के शिलापट्ट का अनावरण कर परियोजना का उद्घाटन किया। इसके बाद अटल वाटिका का उद्घाटन और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने रामघाट स्थित अटल वाटिका, यज्ञशाला और मां सरयू कैफे (दीदी की रसोई) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और घाट के आसपास विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद

रामघाट के समीप आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि रामघाट आना उनके लिए गर्व का विषय है। यह पवित्र स्थल प्रभु श्रीराम के आगमन और सरयू नदी में स्नान की धार्मिक मान्यता से जुड़ा हुआ है। छठ महापर्व से पहले घाट का लोकार्पण श्रद्धालुओं के लिए काफी सुविधाजनक होगा।

उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति की विशेषता है कि यहां लोग डूबते सूर्य को भी प्रणाम करते हैं, जबकि दुनिया के कई हिस्सों में मुख्य रूप से उगते सूर्य की पूजा की जाती है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने विस्तार किया। उन्होंने 32 राजनीतिक दलों को एकजुट कर एनडीए का गठन किया और तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनकी प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए गौरव का अवसर है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने बिहार के विकास के लिए विशेष पैकेज के तहत तत्कालीन मुख्यमंत्री के आग्रह पर चार वर्षों तक प्रतिवर्ष 4,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए थे। वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्यों को नई गति मिली और इस राशि का उपयोग सड़क, बिजली सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास में किया गया।

700 मॉडल स्कूलों से बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार बदल रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। इसी उद्देश्य से राज्य में 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। लगभग 3.50 लाख विद्यार्थियों को विद्यार्थी साथी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई को लेकर प्राप्त रिपोर्ट में सामने आया है कि रात एक बजे भी लगभग 1.40 लाख से 1.80 लाख विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प-सह-कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार नए भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण भी कराया जा रहा है।

22 हजार करोड़ की योजनाएं 31 मार्च से पहले होंगी शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 22 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को 31 मार्च से पहले शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जाता है। सरकार का लक्ष्य राज्य के एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराना है। अब तक 24 लाख लोगों को राशन कार्ड दिए जा चुके हैं और 1,400 नए जनवितरण प्रणाली विक्रेता भी बनाए गए हैं। शेष 78 लाख पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।

घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली

मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। आज बिहार में 22 से 23 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 1 करोड़ 92 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं। सरकार की ओर से प्रत्येक घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सक्षम और समृद्ध लोगों से स्वेच्छा से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़कर राज्यहित में योगदान देने की अपील की। साथ ही गरीब घरेलू उपभोक्ताओं से अगले 25 वर्षों तक बिजली बिल से मुक्ति की दिशा में सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने लोगों से घरों की छतों पर 1.1 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने के लिए आवेदन करने की अपील की। मुख्यमंत्री के अनुसार, बिजली के क्षेत्र में प्रत्येक परिवार को 8 से 10 हजार रुपये तक का अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

रामघाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात होगी एसडीआरएफ टीम

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामघाट का संबंध प्रभु श्रीराम से है और इस पवित्र स्थल का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरयू नदी में पानी का बहाव काफी तेज रहता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां एसडीआरएफ की एक टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ नदियों से गाद निकालने को लेकर समझौता किया गया है। नदियों से निकलने वाली गाद का इस्तेमाल सड़क, बांध और अन्य निर्माण कार्यों में किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने से जिन किसानों के खेत बर्बाद हुए थे, उन्हें मुआवजा दिया गया है। जिन किसानों के खेतों में नदी से बालू और गाद जमा हुई है, उन्हें भी गाद नीति के तहत आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है।

बिहार में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए राज्य में उद्योगों की स्थापना पर तेजी से काम किया जा रहा है। बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने की योजना बनाई गई है। सरकार ने राज्य में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वैशाली आएंगे। इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के दौरान पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर आरा से लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताबदियारा को जोड़ने के लिए पीपा पुल की जगह स्थायी पुल बनाने का आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री ने इस कार्य को सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है।

दलन सिंह विद्यालय में आधुनिक प्रयोगशालाओं का किया निरीक्षण

रामघाट पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय दलन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने सेवा संकल्प-सह-कायाकल्प अभियान के तहत विकसित आधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने विद्यालय में नवनिर्मित स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब, आईएसएम लैब, आईसीटी लैब, बायोलॉजी लैब, केमिस्ट्री लैब और लाइब्रेरी का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आधुनिक प्रयोगशालाओं की स्थापना से उन्हें विषयों को बेहतर ढंग से समझने और प्रायोगिक ज्ञान हासिल करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय की लाइब्रेरी में भी कंप्यूटर लगाने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिल सके।

छठ पर बिहार की समृद्धि की कामना करने की अपील

मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं से छठी मैया से बिहार की समृद्धि और भारत को विकसित बनाने की प्रार्थना करने की अपील की।

जनसभा को सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक रणधीर कुमार सिंह और बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पाराशर ने भी संबोधित किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को हरितगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक जनक सिंह, केदारनाथ सिंह, छोटी कुमारी, विधान पार्षद संजय मयूख, प्रो. डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पाराशर, सारण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक नितेश कुमार, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30