सीवान, 09 मई । सीवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई बर्तन एवं ज्वेलर्स दुकान में हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
हथियार और आभूषण बरामद
सदर-1 की एसडीपीओ गौरी कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और लूटे गए आभूषण बरामद किए गए हैं।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में एसटीएफ पटना की टीम भी शामिल रही।
चार अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में गोलू कुमार यादव उर्फ धृति, कुंदन कुमार उर्फ कुंदन कश्यप, पप्पू कुमार और धनंजय कुमार साह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कुंदन कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।
कई आभूषण बरामद
बरामद सामान में मंगलसूत्र लॉकेट, कानबाली, चांदी का बेरा, बच्चों की पायल और 14 जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं।
अन्य अपराधियों की तलाश जारी
गौरी कुमारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और बाकी लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






