मुंबई, 23 जुलाई । अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से बिना किसी कट के मंजूरी मिल गई है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी और निर्देशक राजकुमार संतोषी की इस फिल्म को बोर्ड ने बिना किसी संशोधन के प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इसके साथ ही फिल्म 14 अगस्त को निर्धारित तिथि पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में विभाजन के दौर की मानवीय त्रासदी, रिश्तों और भावनात्मक संघर्ष को केंद्र में रखा गया है। कहानी लाहौर के एक मुस्लिम परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका सामना एक ऐसी हिंदू महिला से होता है जो अपना पैतृक घर छोड़ने से इनकार कर देती है। फिल्म में विभाजन के समय की सामाजिक और मानवीय परिस्थितियों को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रीति जिंटा पांच वर्षों से अधिक समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। इसके अलावा शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। 14 अगस्त को रिलीज होने वाली इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी अभिनीत ‘आवारापन 2’ से मुकाबला होगा।






