—सड़क निर्माण का बिल पास करने के एवज में मांगी थी घूस, शिकायत के सत्यापन के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने की कार्रवाई
हजारीबाग, 28 अक्टूबर । झारखंड के हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए केरेडारी प्रखंड के पंचायत सेवक तालेश्वर दास को नौ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वह कराली और पाताल पंचायत में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत था।
सड़क निर्माण का बिल पास करने के लिए मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत सेवक तालेश्वर दास पर सड़क निर्माण का बिल पास करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। रिश्वत की मांग से परेशान होकर संबंधित व्यक्ति ने एसीबी से शिकायत की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत पंचायत सेवक को नौ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की इस कार्रवाई को सरकारी कामकाज में भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






