—कारगिल चौक से जेपी प्रतिमा तक निकली पदयात्रा, विपक्ष पर वोट चोरी के आरोपों के जरिए भ्रम फैलाने का भाजपा का आरोप; दो नवंबर को भागलपुर और चार नवंबर को पूर्णिया में होगा अभियान
पटना, 28 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार प्रदेश की ओर से बुधवार को पटना में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पटना के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडे और नारों वाली तख्तियां लेकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।
कारगिल चौक से जेपी प्रतिमा तक निकली पदयात्रा
पदयात्रा गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक से शुरू हुई और मौर्या होटल के समीप लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा तक पहुंची। यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और अन्य नेताओं ने जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इससे पहले कारगिल चौक पर सभा आयोजित की गई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अभियान के उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। पदयात्रा में महिला कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस, राजद और अन्य विपक्षी दलों पर देशभर में वोट चोरी का आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में मृत और दोहरे नाम वाले मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम बने रहने पर उसे आपत्ति क्यों है। सरावगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष को फर्जी मतदान की व्यवस्था समाप्त होने से परेशानी है।
चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी को लेकर निशाना
संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष के उम्मीदवार चुनाव जीतते हैं, तब लोकतंत्र पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन हार मिलने पर ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराया जाता है। उन्होंने न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर विपक्ष की टिप्पणियों को भी अनुचित बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति का अधिकार है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान और संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप स्वीकार्य नहीं हैं।

भागलपुर और पूर्णिया में भी होंगे कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के पहले चरण में बिहार के 10 प्रमंडलीय मुख्यालयों में पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। दो नवंबर को भागलपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और चार नवंबर को पूर्णिया में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दरभंगा सहित अन्य प्रमंडलीय मुख्यालयों में भी पार्टी के वरिष्ठ नेता अभियान का नेतृत्व करेंगे।
दूसरे चरण में जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बुद्धिजीवियों के साथ बैठक कर आम लोगों के बीच विपक्ष की नीतियों को लेकर पार्टी का पक्ष रखा जाएगा।
गांव-गांव तक अभियान पहुंचाने का आह्वान
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राजनीतिक अराजकता के विरोध में जनजागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को जनता का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कई मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, डॉ. दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी और नीतीश मिश्रा सहित कई नेता मौजूद रहे। इनके अलावा मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद संजय मयूख, विधायक रत्नेश कुशवाहा, संजय गुप्ता, सिद्धार्थ सौरभ और सियाराम सिंह भी शामिल हुए।
प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, राजेश झा, धनराज शर्मा और सरोज रंजन पटेल के साथ पटना महानगर, पटना ग्रामीण और बाढ़ के जिला अध्यक्षों सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने किया।






