हजारीबाग, 26 जुलाई । जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में शनिवार देर रात अपराधियों ने कोयला ढुलाई कर रहे दो हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके से ‘प्रिंस खान’ के नाम का एक पर्चा बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना तेरह माईल से करीब 200 मीटर आगे की है। प्रत्यक्षदर्शी चालकों के मुताबिक तीन अपराधी पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही दो हाईवा वाहन वहां पहुंचे, हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। चालकों और पुलिस के अनुसार करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं। इसके अलावा अपराधियों ने लोहे की रॉड से दोनों वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
‘प्रिंस खान’ नाम का पर्चा मिला
घटनास्थल से पुलिस को ‘प्रिंस खान’ के नाम का एक पर्चा मिला है, जिसे जब्त कर जांच की जा रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर कोयला परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

ऑडियो में अलग दावा
घटना के बाद ‘प्रिंस खान’ के नाम से जारी एक कथित ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस के दावों को खारिज करते हुए 40 राउंड फायरिंग और पांच वाहनों को नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है। साथ ही आठ पर्चे छोड़े जाने की बात भी कही गई है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पहले भी हो चुकी है वारदात
यह इस वर्ष की पहली घटना नहीं है। इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी इसी क्षेत्र में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी। लगातार हो रही घटनाओं से ट्रांसपोर्टरों और चालकों में भय का माहौल है। परियोजना प्रबंधन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तेज की जांच
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।






