देवशयनी एकादशी पर श्री श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहा हरमू रोड

Share

अखंड ज्योति, विशेष श्रृंगार, भोग और रात्रि संकीर्तन में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु, जयकारों से भक्तिमय बना माहौल

रांची: देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह मंदिर के पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। नियमित भक्तों के साथ एकादशी पर विशेष दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा हरमू रोड “हारे के सहारे की जय, श्याम प्यारे की जय” के जयघोष से गुंजायमान रहा।

प्रातः 5:30 बजे मंगला आरती के बाद मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा की मौजूदगी में बाबा श्री श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद भजनों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं।

मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि श्री श्याम मंदिर की ऐसी मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे और निस्वार्थ भाव से बाबा के दरबार में अपनी अर्जी लगाते हैं, उनकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है और बाबा के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता।

रात्रि 9:30 बजे से एकादशी का मुख्य संकीर्तन कार्यक्रम शुरू हुआ। रंजीत पाठक, बिंदु पाठक, अविनाश ठाकुर एवं नीलू ठाकुर ने परिवार सहित बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान और फलों का भोग अर्पित किया। इस दौरान विभिन्न श्रद्धालुओं द्वारा रबड़ी, केसरिया पेड़ा, पंचमेवा, विशेष श्रृंगार, नवीन पोशाक और अन्य प्रसाद सेवाएं समर्पित की गईं।

भजन संध्या का शुभारंभ मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया ने गणेश वंदना से किया। इसके बाद श्याम सुंदर शर्मा, साकेत ढांढनिया, अनुज मोदी, प्रवीण अग्रवाल और महामंत्री गौरव अग्रवाल ने विभिन्न देवी-देवताओं एवं बाबा श्याम की वंदना प्रस्तुत कर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। देर रात आरती के साथ एकादशी संकीर्तन कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया सहित मंडल के पदाधिकारी एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930