सहरसा, 12 अगस्त: सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह पूर्णिया-हटिया कोसी एक्सप्रेस (18625) के एसी कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही यात्रियों और रेलकर्मियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ब्रेक बाइंडिंग के कारण निकला धुआं
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के थर्ड एसी के एम-3 कोच में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या के कारण धुआं निकला था। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और अग्निशमन टीम सक्रिय हो गई। जांच के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार गुप्ता के अनुसार, कोसी एक्सप्रेस सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर निर्धारित समय से करीब एक घंटे 13 मिनट की देरी से पहुंची थी। सुबह करीब 6:36 बजे ट्रेन में धुआं निकलने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल अग्निशमन टीम को मौके पर लगाया गया।
यात्रियों को दूसरे कोच में किया गया शिफ्ट
घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच चिंता का माहौल रहा। एहतियात के तौर पर संबंधित कोच को खाली करा दिया गया और उसमें सवार यात्रियों को दूसरे कोच में स्थानांतरित कर दिया गया। यात्रियों को दूसरी बर्थ पर यात्रा की व्यवस्था की गई।
रेलवे अधिकारियों और अग्निशमन टीम की तत्परता से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। संबंधित कोच को फिलहाल खाली रखा गया है।

जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ब्रेक बाइंडिंग की समस्या किस वजह से उत्पन्न हुई, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।





