पटना में बनेगी विश्वस्तरीय Sports City, 651 एकड़ में विकसित होंगी खेल सुविधाएं; ओलंपिक मानकों के अनुरूप तैयार करने की योजना

Share

पटना: बिहार में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। राजधानी पटना के विस्तार के तहत प्रस्तावित पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में आधुनिक खेल सुविधाओं का बड़ा केंद्र विकसित किया जाएगा। टाउनशिप की समेकित योजना में खेल गतिविधियों और खेल अवसंरचना के लिए कुल 651 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है।

225 एकड़ में बनेगी स्पोर्ट्स सिटी

नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर बैठक हुई। इसमें खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत खेल विभाग और नगर विकास विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में प्रस्तावित स्पोर्ट्स सिटी और अन्य खेल सुविधाओं के विकास पर विस्तृत चर्चा हुई।

नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि करीब 225 एकड़ क्षेत्र में स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की योजना है। यहां विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं से जुड़ी जरूरी आधारभूत सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

187 एकड़ में गोल्फ कोर्स, 239 एकड़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

टाउनशिप की योजना में करीब 187 एकड़ क्षेत्र में गोल्फ कोर्स विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 239 एकड़ में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा। इस कॉम्प्लेक्स में अलग-अलग खेलों से जुड़ी व्यापक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

नीतीश मिश्रा ने कहा कि पाटलिपुत्र टाउनशिप को विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। राज्य के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

ओलंपिक मानकों के अनुरूप होंगी खेल सुविधाएं

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना से लैस किया जाना चाहिए। प्रस्तावित खेल सुविधाओं को ओलंपिक मानकों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे बिहार में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए बेहतर आधारभूत संरचना तैयार हो सकेगी।

सभी 12 टाउनशिप में खेल सुविधाओं की संभावना तलाशी जाएगी

श्रेयसी सिंह ने बताया कि राज्य में प्रस्तावित सभी 12 टाउनशिप में खेल सुविधाओं के विकास की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसके लिए आवश्यक जमीन को चिह्नित किया जाएगा, ताकि भविष्य में प्रत्येक टाउनशिप में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा सकें।

सरकार की इस योजना से बिहार के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। साथ ही राज्य में बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए आधारभूत ढांचा मजबूत हो सकेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930