पहले ही बयान में “डबल इंजन सरकार” का रोडमैप स्पष्ट, नरेंद्र मोदी मॉडल और नीतीश कुमार के अनुभव के समन्वय पर जोर
पटना: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद साफ संकेत दे दिया कि उनकी सरकार शुरुआत से ही एक्शन मोड में काम करेगी। उन्होंने कहा, “आज से ही मैं काम करना शुरू कर देता हूं,” जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सरकार बिना देरी अपने एजेंडे को लागू करने की तैयारी में है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने “बिहार के लोग पूरी तरह संतुष्ट रहें” कहते हुए विकास और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
सरकार के एजेंडे को स्पष्ट करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि विकास, सुशासन, कानून-व्यवस्था और रोजगार सृजन उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर होंगे। साथ ही बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने पर भी जोर दिया जाएगा।
उन्होंने “डबल इंजन सरकार” की अवधारणा को दोहराते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के बेहतर तालमेल से बिहार में विकास की रफ्तार तेज होगी। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल को अपनाने और नीतीश कुमार के शासन अनुभव का लाभ लेने की बात कही।
नई सरकार को लेकर जनता की उम्मीदें बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और अहम फैसलों पर भी कदम उठा सकती है। सम्राट चौधरी का शुरुआती रुख यह संकेत देता है कि सरकार परिणाम देने वाली और तेज फैसले लेने की दिशा में आगे बढ़ेगी।






