रांची के बुंडू में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो की मौत; मुआवजे के लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण

Share

रांची, 30 अगस्त । रांची जिले के बुंडू ओवरब्रिज के समीप शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बुंडू के बाजार टांड़ निवासी अमित साहू और चुतरू गांव निवासी उनके चालक दिलीप मुंडा के रूप में हुई है। हादसे के बाद मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुंडू टोल प्लाजा पर करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समझाने तथा सरकारी सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद देर रात जाम हटाया गया।

सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार, अमित साहू अपने चालक दिलीप मुंडा के साथ बुंडू ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ी के समीप बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दिलीप मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।

रांची ले जाने के दौरान अमित ने तोड़ा दम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दिलीप मुंडा के शव को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अमित साहू को बुंडू अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया। परिजन उन्हें रांची ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

अमित साहू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण बुंडू टोल प्लाजा पहुंचे और सड़क पर बैठकर आवागमन रोक दिया। मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और अन्य सहायता देने की मांग को लेकर करीब ढाई घंटे तक जाम रहा। अमित साहू के भाई सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे।

जाम के कारण बुंडू टोल प्लाजा से होकर गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद हटा जाम

जाम की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों से बातचीत की तथा सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बुंडू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ओमप्रकाश ने रविवार को बताया कि बातचीत के बाद देर रात जाम हटा लिया गया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सभी सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

स्थानीय लोगों ने पीछा कर ट्रक चालक को पकड़ा

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और बुंडू टोल प्लाजा के पास ट्रक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। हादसे के कारणों, ट्रक की गति और चालक की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31