वैशाली — महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में जांच तेज हो गई है। महाराष्ट्र एसटीएफ और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार रात हाजीपुर के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कैफे संचालक सोनू कुमार समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रातभर चली छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी देर रात तक चली। कचहरी रोड स्थित साइबर कैफे के बाहर महाराष्ट्र (ठाणे) पुलिस और वैशाली पुलिस की टीम पूरी रात मौजूद रही। कार्रवाई के बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
डिजिटल सबूत बरामद
एसटीएफ टीम को छापेमारी के दौरान कई अहम डिजिटल साक्ष्य और संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि इनकी बारीकी से जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
महाराष्ट्र पुलिस का बयान
महाराष्ट्र पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “महाराष्ट्र TET पेपर लीक से जुड़ा मामला है। इसी सिलसिले में हम यहां जांच के लिए आए थे। कुछ संदिग्ध कागजात मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।”
परिजनों ने जताई अनभिज्ञता
आरोपी सोनू कुमार के बड़े भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि सोनू बुधवार शाम घर से निकला था, लेकिन न घर लौटा और न ही संपर्क में आया। बाद में पता चला कि साइबर कैफे में पुलिस की छापेमारी चल रही है और उसे हिरासत में लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस उनके एक अन्य भाई की भी तलाश कर रही है।
मास्टरमाइंड से जुड़े तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनू कुमार का संबंध समस्तीपुर निवासी और कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता से जुड़ा हुआ है। पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सोनू के छोटे भाई विकास का नाम भी सामने आया था।
बिहार से जुड़े पेपर लीक के तार
इस मामले में महाराष्ट्र के भिवंडी में पहले ही बिहार और हरियाणा के कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में समस्तीपुर के बिजेंद्र गुप्ता का नाम सामने आने के बाद एसटीएफ की टीम कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है।
मास्टरमाइंड की पत्नी गिरफ्तार
सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र एसटीएफ ने बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी को पटना से गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है। टीम मास्टरमाइंड की तलाश में समस्तीपुर में भी डेरा डाले हुए है।
परीक्षा रद्द, लाखों अभ्यर्थी प्रभावित
गौरतलब है कि महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा में 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन 28 जून को होने वाली परीक्षा से 24 घंटे पहले ही पेपर लीक हो गया। इसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई।
जांच जारी, बढ़ सकती हैं गिरफ्तारियां
फिलहाल हाजीपुर से हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और आने वाले दिनों में गिरफ्तारियों का दायरा बढ़ सकता है।






