चकिया रेलवे स्टेशन पर नंगे पांव इंजन के ऊपर बैठा युवक, यात्रियों में मची अफरातफरी; आरपीएफ ने मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा
मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज एक युवक सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़ गया और नंगे पांव उसके ऊपर बैठ गया। युवक की इस हरकत से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच अफरातफरी मच गई। इस घटना के कारण मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ से परेशान था युवक
जानकारी के अनुसार, सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस जब चकिया रेलवे स्टेशन पहुंची, उस समय ट्रेन के अंदर यात्रियों की भारी भीड़ थी। डिब्बों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। बताया जा रहा है कि युवक भी इसी ट्रेन से यात्रा करना चाहता था, लेकिन भीड़ के कारण उसे बैठने के लिए सीट नहीं मिल रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने अचानक ट्रेन के इंजन पर चढ़ने का फैसला किया और नंगे पांव इंजन के ऊपर जाकर बैठ गया।
इंजन पर युवक को बैठा देख स्टेशन पर मचा हड़कंप
इंजन के ऊपर युवक को बैठा देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ यात्री अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान चकिया रेलवे स्टेशन के समपार संख्या 136 पर तैनात आरपीएफ कर्मी अनुरोध कुमार यादव की नजर इंजन पर बैठे युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी।
आरपीएफ ने मशक्कत के बाद युवक को उतारा
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे पुलिस के जवानों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत की। करीब 20 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस स्टेशन पर ही खड़ी रही। आखिरकार आरपीएफ की टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को सुरक्षित इंजन से नीचे उतार लिया और उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
मुंगेर का रहने वाला है युवक
चकिया स्टेशन मास्टर श्याम कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान मुंगेर जिले के असरगंज निवासी गुलशन कुमार के रूप में बताई। उन्होंने कहा कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और घटना में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
इंजन पर चढ़ने के कारणों की हो रही जांच
स्टेशन मास्टर श्याम कुमार गुप्ता ने बताया, “समय रहते युवक को नीचे उतार लिया गया है। आरपीएफ की टीम उससे पूछताछ कर रही है कि ट्रेन के इंजन पर चढ़ने का कारण क्या है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल आरपीएफ युवक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।






