भागलपुर, 22 सितंबर । भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में बाढ़ और जलजमाव से प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए स्थानीय विधायक रोहित पाण्डेय ने मंगलवार को पटना स्थित लोकसेवक आवास में मुख्यमंत्री सह नगर विकास मंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। विधायक ने शहर के निचले इलाकों और विभिन्न वार्डों में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी और प्रभावित परिवारों को 7,000 रुपये की अनुग्रह सहायता देने की मांग की।
शहरी बाढ़ पीड़ितों को भी राहत देने की मांग
विधायक रोहित पाण्डेय ने मुख्यमंत्री से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की तरह शहरी क्षेत्र के वास्तविक बाढ़ पीड़ित परिवारों को भी सरकारी राहत का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ और जलजमाव के कारण नगर निगम क्षेत्र के हजारों गरीब परिवारों का जनजीवन प्रभावित हुआ है और उन्हें आर्थिक सहायता की जरूरत है।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री ने डीएम को सर्वे कराने का दिया निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तत्काल संज्ञान लिया। विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान ही भागलपुर के जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर नगर निगम क्षेत्र के सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों का शीघ्र सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को वास्तविक बाढ़ पीड़ित परिवारों की पारदर्शी सूची तैयार कर जल्द सरकार को उपलब्ध कराने को कहा है।
पात्र परिवारों के खाते में भेजी जाएगी सहायता राशि
प्रशासन की ओर से सर्वेक्षण के बाद पात्र बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद पात्र परिवारों के बैंक खातों में 7,000 रुपये की अनुग्रह सहायता राशि भेजे जाने की बात कही गई है।
कोई वास्तविक पीड़ित सहायता से वंचित न रहे : विधायक
मुलाकात के बाद विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि भागलपुर नगर निगम क्षेत्र का कोई भी वास्तविक बाढ़ पीड़ित परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने और जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।






