पटना, 25 सितंबर। बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को पटना समेत 20 जिलों में कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
नेपाल में गुरुवार से रविवार तक भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा से सटे कोसी बराज और सुनसरी क्षेत्र में भी प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कोसी बराज से पानी के डिस्चार्ज में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पटना समेत 20 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पटना के अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, नालंदा, गया, पूर्णिया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय में बारिश के साथ तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है।
लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
पूर्णिया में तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी
पूर्णिया में अगले तीन दिनों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर तक जिले में गरज के साथ छींटे पड़ने की स्थिति बनी रह सकती है।
आंधी-बारिश से कई जिलों में नुकसान
गुरुवार को भी बिहार के कई जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई जगहों पर नुकसान की खबर सामने आई।
पूर्णिया में तेज आंधी के कारण करीब 50 घरों के छप्पर उड़ गए। समस्तीपुर में एक सरकारी स्कूल परिसर में पुराना पेड़ गिरने से तीन छात्राओं की मौत हो गई। वहीं बांका में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई।
कोसी बराज से पानी का डिस्चार्ज बढ़ा
नेपाल में भारी बारिश की चेतावनी के बीच कोसी नदी के जलस्तर और बराज से पानी के डिस्चार्ज पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
कोसी बराज कंट्रोल रूम के अनुसार गुरुवार सुबह आठ बजे बराज से 1,09,795 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। दोपहर 12 बजे यह बढ़कर 1,40,260 क्यूसेक और दोपहर तीन बजे 1,71,410 क्यूसेक हो गया। शाम चार बजे बराज से 1,77,390 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
वहीं बराह क्षेत्र में सुबह आठ बजे 99,500 क्यूसेक, दोपहर 12 बजे 1,15,850 क्यूसेक, दोपहर तीन बजे 1,09,400 क्यूसेक और शाम चार बजे 1,06,250 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
कोसी पश्चिमी मुख्य नहर में सिंचाई के लिए 3,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
24 घंटे अलर्ट मोड पर कोसी के अभियंता
मुख्य अभियंता वीरपुर ई. संजीव शैलेश ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कोसी के अभियंता 24 घंटे तैयार हैं। बराज और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नेपाल में बारिश की स्थिति को देखते हुए बिहार में भी प्रशासन और जल संसाधन विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है।






