पटना, 25 सितंबर । बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में राज्य सरकार और पुलिस की कार्रवाई के बाद पीड़िता के माता-पिता ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार को सुरक्षा, हरसंभव मदद और पीड़िता की आगे की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पीड़िता की मां ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने जिस तरह कार्रवाई की, उससे परिवार को राहत मिली है।
‘कार्रवाई से हम संतुष्ट हैं’
पीड़िता की मां ने कहा कि सरकार की कार्रवाई से वह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई और मुख्य आरोपित के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की।
उन्होंने कहा, “हम कार्रवाई से संतुष्ट हैं। 48 घंटे के भीतर एनकाउंटर हुआ तो इससे हम लोगों को बहुत खुशी मिली। मेरी बेटी के साथ जो हुआ, उसके बाद एक्शन लिया गया। पहले तीन को पकड़ा गया, इसके बाद जो मुख्य आरोपी था, उसका एनकाउंटर भी हुआ है। सरकार की कार्रवाई से हम बहुत खुश हैं।”
सीएम ने सुरक्षा और पढ़ाई का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए पीड़िता की मां ने कहा कि परिवार ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं और मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में मदद का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ने हम लोगों को बुलाया था। जो भी हमने कहा, सभी पर उन्होंने आश्वासन दिया है। बेटी की सुरक्षा और पढ़ाई सभी का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी बेटी मेरी है। निश्चिंत रहिए। मुख्यमंत्री से मिलकर बहुत अच्छा लगा।”
‘ऐसा कदम उठाएं कि बदमाशों में खौफ हो’
पीड़िता की मां ने सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना दोबारा किसी बेटी के साथ नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “मेरी बेटी के साथ जो हुआ, वो और किसी बेटी के साथ न हो। जिस तरह से मेरी बेटी गिड़गिड़ा रही थी, उसी तरह से वो बदमाश भी गिड़गिड़ाएं। मुख्यमंत्री ऐसा कुछ करें, जिससे बदमाशों में खौफ हो।”
19 सितंबर को सामने आया था मामला
बताया गया कि जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ से जुड़ा वीडियो 19 सितंबर को इंटरनेट पर वायरल हुआ था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को कार्रवाई के दौरान दो मुख्य आरोपितों के साथ मुठभेड़ हुई। इस दौरान मुख्य आरोपित हरेराम यादव के घायल होने की बात कही गई है। वायरल वीडियो में वह चेहरे पर गमछा बांधे नजर आया था। दूसरे आरोपित नंदन यादव के पैर में गोली लगने की जानकारी दी गई है।
पुलिस इससे पहले मामले में तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी थी। मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






