बिहार के नवादा में दिल दहला देने वाली घटना, दो मासूम बेटियों की हत्या के बाद मां ने की खुदकुशी; एक ही कमरे से तीन शव बरामद

Share

नवादा, 17 अगस्त। बिहार के नवादा नगर के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के पंजियार दर्जी मोहल्ले में सोमवार को एक ही कमरे से मां और उसकी दो मासूम बेटियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मां ने कथित तौर पर अपनी चार वर्षीय और डेढ़ वर्षीय बेटियों की हत्या करने के बाद फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली।

मृतकों की पहचान मोहम्मद शाहिद की 32 वर्षीय पत्नी निदा खातून तथा उसकी बेटियों चार वर्षीय सारिया और डेढ़ वर्षीय सिदरा के रूप में हुई है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बताया गया है कि निदा के पति मोहम्मद शाहिद पिछले करीब एक वर्ष से सऊदी अरब में रहकर इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। निदा अपनी दोनों बेटियों के साथ घर में रह रही थी।

दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ घटना का खुलासा

सोमवार को परिवार का एक सदस्य कमरे का दरवाजा खुलवाने पहुंचा। काफी देर तक अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वेंटिलेटर से कमरे के भीतर देखा गया। दोनों बच्चियां मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि निदा फंदे से लटकी मिली।

इसके बाद परिजनों ने बुंदेलखंड थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे को सुरक्षित किया और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में दोनों बच्चियों की मौत और महिला द्वारा खुदकुशी किए जाने के पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031