बिहार में खनिज संपदा के दोहन की तैयारी तेज, 15 अक्टूबर से खनन शुरू करने की पहल; सम्राट चौधरी बोले- रॉयल्टी का पैसा जनता और विकास पर खर्च होगा

Share

पटना, 17 अगस्त । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को होटल मौर्या में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्रालय की ओर से आयोजित महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी और एनएमईडीटी कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार की खनिज संपदा का उपयोग जनकल्याण और राज्य के विकास के लिए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खनिज ब्लॉकों का अध्ययन कराया गया है। विकास के साथ राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के लक्ष्य को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

30 सितंबर तक 30 से अधिक कोल ब्लॉक आवंटित करने का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में 44 कोल ब्लॉकों में से 28 में सर्वे का काम आगे बढ़ चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि 30 सितंबर से पहले 30 से अधिक कोल ब्लॉकों का आवंटन कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से बिहार में खनन कार्य शुरू करने की दिशा में पहल की जाएगी और अगले नौ महीने में संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करने का प्रयास होगा।

उन्होंने कहा कि रोहतास में लाइम स्टोन, औरंगाबाद में बड़ा मिनरल बेल्ट, जबकि जहानाबाद और जमुई में मैग्नेट तथा गया, बांका और भागलपुर में भी खनिज संसाधनों की संभावनाएं हैं। इन संसाधनों का सदुपयोग राज्य के विकास के लिए किया जाएगा।

खनिज से मिलने वाली रॉयल्टी जनता के हित में खर्च होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिजों से मिलने वाली रॉयल्टी का इस्तेमाल बिहार की जनता के कल्याण और विकास कार्यों में किया जाएगा। खनिज संपदा के किसी भी स्तर पर दुरुपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने राज्य में खनिज केंद्र स्थापित करने और नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम करने की बात भी कही।

निवेशकों को बिहार में निवेश का न्योता

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने वाले निवेशकों को सरकार की ओर से विभिन्न प्रकार की रियायतें दी जा रही हैं। उन्होंने निवेशकों से बिहार में खुले मन से निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देगी और निवेशक राज्य में पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे, मंत्रालय के संयुक्त सचिव कदम संदीप वी, खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31