—मंदिर ट्रस्ट ने किया स्वागत, विकास कार्यों को लेकर सौंपा ज्ञापन
पटना, 27 जुलाई। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बाखोरापुर मां काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में पहुंचने पर काली मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
विधि-विधान से की मां काली की पूजा
नीतीश कुमार ने मंदिर के गर्भगृह में पूरे विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने देश और बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
मंदिर विकास को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
पूजा के बाद बाखोरापुर काली मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बीडी सिंह के नेतृत्व में ट्रस्ट के सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंदिर के विकास कार्यों, पर्यटन विभाग के माध्यम से बाखोरापुर महोत्सव आयोजित कराने समेत कई मांगें रखी गईं।
नीतीश कुमार ने ट्रस्ट की ओर से रखी गई मांगों पर विचार करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी और प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे।
मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, संदेश विधायक राधा चरण शाह, बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






