कोलकाता, 15 मई। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को चुनाव बाद हिंसा से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचीं। वह अधिवक्ताओं की पोशाक में अदालत परिसर में नजर आईं।
काला गाउन पहनकर पहुंचीं हाई कोर्ट
सुबह करीब 11 बजे ममता बनर्जी अचानक हाई कोर्ट परिसर पहुंचीं। काला गाउन पहनकर अदालत पहुंचीं ममता को देखकर परिसर में मौजूद लोगों और वकीलों के बीच हलचल मच गई। जानकारी के अनुसार वह चुनाव बाद हिंसा से संबंधित एक जनहित याचिका में पक्ष रखने के लिए अदालत पहुंची थीं।
मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ में होनी है सुनवाई
यह मामला मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल और न्यायमूर्ति पार्थसारथी सेन की खंडपीठ में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। बताया जा रहा है कि इसी मामले में दलील पेश करने के उद्देश्य से ममता अदालत पहुंचीं।
चुनाव बाद हिंसा को लेकर दायर हुई है याचिका
राज्य में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विभिन्न इलाकों में हिंसा और तनाव की घटनाओं के आरोप सामने आए हैं। इन्हीं घटनाओं को लेकर तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी के पुत्र और अधिवक्ता शीर्षान्य बनर्जी ने कलकत्ता हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है।
सुनवाई से पहले ही अदालत कक्ष में पहुंचीं ममता
मामले की सुनवाई शुरू होने से पहले ही ममता बनर्जी अदालत कक्ष में पहुंच गई थीं। हाई कोर्ट में उनकी मौजूदगी को लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों में काफी चर्चा रही।
पहले भी सुप्रीम कोर्ट में हो चुकी हैं पेश
इससे पहले एसआईआर मामले की सुनवाई के दौरान भी ममता बनर्जी उच्चतम न्यायालय में हाजिर हुई थीं।





