पीएम मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर दीर्घायु और स्वास्थ्य के लिए झारखंड में भाजपा नेताओं ने की विशेष पूजा

Share

–सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह

रांची, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उत्सव मनाया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और विशेष कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रहित में उनके नेतृत्व की निरंतर सफलता की कामना की गई।

बाबूलाल मरांडी ने सरना स्थल पर की पूजा-अर्चना

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के मुड़मा स्थित राजी पहाड़ा जतरा शक्ति खूंटा में पाहन एवं सरना समाज के लोगों के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण के उनके संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।

मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक देश की सेवा कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि देशवासियों के विश्वास, उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं।

पहाड़ी मंदिर में हुआ जलाभिषेक

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची स्थित पहाड़ी मंदिर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।

बोकारो में शिव मंदिर में विशेष पूजा

इसी क्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी तथा अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बोकारो जिले के मामरकोदर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इस दौरान राष्ट्र की प्रगति, समृद्धि और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल एवं स्वस्थ नेतृत्व की कामना की गई। प्रदीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष राष्ट्रहित, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहे हैं।

विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति और विकास के लिए प्रार्थना की गई।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930