पटना, 23 सितंबर । बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस घाट पर गौर-गणेश विसर्जन के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। विसर्जन के लिए गंगा नदी पहुंचे तीन किशोर स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोर गंगा नदी में लापता हैं। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
विसर्जन के बाद गंगा में नहाने लगे थे किशोर
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के गुलाब बाग इलाके के रहने वाले तीन किशोर सुजीत, पीयूष और शशिकांत गौर-गणेश का विसर्जन करने पोस्ट ऑफिस घाट पहुंचे थे। विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों गंगा नदी में स्नान करने लगे।
इसी दौरान तीनों किशोर गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूबने लगे। उन्हें डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल बचाव का प्रयास शुरू कर दिया।
एक किशोर को बचाया गया, दो लापता
स्थानीय लोगों की मदद से शशिकांत को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, सुजीत और प्रियांशु उर्फ पीयूष का कोई पता नहीं चल सका। दोनों के गंगा में लापता होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन को सूचना दी गई।
एक स्थानीय व्यक्ति के मुताबिक, तीनों किशोर गुलाबबाग के रहने वाले हैं और उनकी उम्र करीब 13 से 14 वर्ष के बीच है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों गौर-गणेश विसर्जन के बाद गंगा में स्नान करने लगे थे।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी बाढ़ रानी कुमारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी अंजू सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया।
लापता दोनों किशोरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी लगाया गया है। गंगा नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों किशोरों के गंगा में लापता होने की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी पोस्ट ऑफिस घाट पहुंच गए। घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार अपने बच्चों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
लापता 11 वर्षीय पीयूष की मां ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ गौर-गणेश विसर्जन करने के लिए घाट पर आया था। वहीं 13 वर्षीय सुजीत की मां के अनुसार, सुजीत भी अपने साथियों के साथ गौर-गणेश विसर्जन करने पोस्ट ऑफिस घाट पहुंचा था और गहरे पानी में जाने के बाद डूब गया।

स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ कर रही तलाश
अंचलाधिकारी बाढ़ रानी कुमारी ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण बचाव दल को तलाश के दौरान चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौर-गणेश विसर्जन के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि मंगलवार को करमा पूजा का पर्व था। इस अवसर पर कई व्रतियों के घरों में गौर-गणेश की पूजा-अर्चना की गई थी। पूजा के बाद गौर-गणेश के विसर्जन के लिए किशोर पोस्ट ऑफिस घाट पहुंचे थे।
विसर्जन के बाद गंगा में स्नान करने के दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता गंगा में लापता दोनों किशोरों को तलाशना है और इसके लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।






