झारखंड में बारिश का कहर, रांची के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न, हरमू-पंडरा-चुटिया समेत कई इलाकों में जलभराव; नामकुम में उफान पर स्वर्णरेखा

Share

रांची, 18 अगस्त । झारखंड और इससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बने निम्न दबाव के प्रभाव से राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जबकि रांची के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगहों पर घरों और सड़कों पर पानी जमा होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मंगलवार को बारिश के कारण स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। रांची के अपर बाजार, पंडरा, हरमू, विद्यानगर, पंचशीलनगर, धुर्वा, चुटिया, कोकर, डोरंडा और अशोक नगर समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। कुछ स्थानों पर बारिश का पानी घरों में भी प्रवेश कर गया।

स्वर्णरेखा नदी उफान पर

नामकुम क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। चुटिया और नामकुम के बीच स्थित पुल के नीचे से करीब एक फीट नीचे पानी बह रहा है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में आवागमन प्रभावित हो सकता है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है।

बेड़ो में 110 मिमी बारिश

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगस्त में अब तक राज्य में अच्छी बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि यदि महीने में दो-तीन बार इसी तरह बारिश होती है तो कृषि कार्य और पेयजल की स्थिति के लिए यह लाभकारी साबित हो सकती है।

मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक 110 मिलीमीटर बारिश बेड़ो में दर्ज की गई। रांची के हीनू और कांके में 55-55 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, पिछले 24 घंटे में पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में सर्वाधिक 203 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

राज्य में अब भी सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में एक जून से 18 अगस्त तक सामान्य 689.8 मिलीमीटर के मुकाबले 606.1 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस तरह राज्य में अब तक बारिश सामान्य से 12 प्रतिशत कम है।

रांची में इस अवधि में 713.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से एक प्रतिशत कम है। वहीं बोकारो में 440 मिलीमीटर, चतरा में 320.9 मिलीमीटर, देवघर में 351.1 मिलीमीटर, धनबाद में 643.8 मिलीमीटर और दुमका में 602.3 मिलीमीटर बारिश हुई।

गढ़वा में 301.2 मिलीमीटर, गिरिडीह में 402.4 मिलीमीटर, गोड्डा में 431.2 मिलीमीटर, गुमला में 550.6 मिलीमीटर, हजारीबाग में 482.6 मिलीमीटर, जामताड़ा में 578.6 मिलीमीटर और खूंटी में 811.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

कोडरमा में 321.5 मिलीमीटर, लातेहार में 629.7 मिलीमीटर, लोहरदगा में 632.5 मिलीमीटर, पाकुड़ में 356.8 मिलीमीटर, पलामू में 367.4 मिलीमीटर, रामगढ़ में 534.3 मिलीमीटर और साहिबगंज में 624.4 मिलीमीटर बारिश हुई।

सरायकेला-खरसावां में 755.2 मिलीमीटर और सिमडेगा में 953.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम में 1015.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक है।

लगातार बारिश के बीच नदियों के बढ़ते जलस्तर और शहरी जलभराव को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विशेष रूप से जर्जर पुलों और जलमग्न सड़कों पर आवागमन को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31