झारखंड में अगले दो दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट; 40 किमी/घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

Share

रांची। झारखंड में मौसम लगातार आंख-मिचौली खेल रहा है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में कभी बारिश तो कभी धूप का दौर देखने को मिल रहा है। रांची में सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

31 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 31 अगस्त को झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और राज्य के मध्य हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग ने पूरे राज्य में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

1 सितंबर को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

आईएमडी के मुताबिक, 1 सितंबर को भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है।

सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत कई इलाकों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के तार गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रह सकता है।

2 से 5 सितंबर तक ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 2 सितंबर से 5 सितंबर तक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी।

रांची में तापमान में भी आएगी गिरावट

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया है। राजधानी रांची में 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

वहीं, 1 सितंबर को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031