मुंबई, 24 सितंबर । संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म की रिलीज में अभी वक्त है, लेकिन निर्माताओं ने रणबीर कपूर की पहली आधिकारिक झलक जारी कर चर्चा तेज कर दी है। भंसाली प्रोडक्शन ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा किया है, जिसमें रणबीर बेहद गंभीर और आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं।
खून से लथपथ हाथ, चेहरे पर दिखा गुस्सा
पोस्टर में रणबीर कपूर कार चलाते दिखाई दे रहे हैं। उनका एक हाथ बुरी तरह जख्मी और खून से लथपथ नजर आ रहा है, जबकि उनके चेहरे पर गुस्सा और तनाव साफ दिखाई देता है। पहली झलक में अभिनेता का किरदार जंग के मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।
रणबीर का यह लुक दर्शकों को उनकी पिछली फिल्म ‘एनिमल’ की याद दिला रहा है, जिसमें उनका किरदार बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आया था। हालांकि, ‘लव एंड वॉर’ में उनका किरदार किस तरह की कहानी से जुड़ा है, इसे लेकर निर्माताओं ने अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
‘वो रुतबा, वो रब, वो जुनून!’
फिल्म के पोस्टर को साझा करते हुए निर्माताओं ने लिखा, “वो रुतबा, वो रब, वो जुनून!” पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर रणबीर के लुक को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। प्रशंसक फिल्म की कहानी और अभिनेता के किरदार से जुड़ी आगे की झलक का इंतजार कर रहे हैं।
आलिया और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली कर रहे हैं। यह एक्शन-ड्रामा फिल्म प्रेम और युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई गई है।
फिल्म को भंसाली की भव्य सिनेमाई शैली और रणबीर कपूर, आलिया भट्ट तथा विक्की कौशल की तिकड़ी के कारण काफी समय से चर्चित परियोजनाओं में गिना जा रहा है।
21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
निर्माताओं के अनुसार, ‘लव एंड वॉर’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी। फिल्म की पहली झलक सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर इसके अगले पोस्टर, टीजर और ट्रेलर पर है।






