नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश के प्रशासनिक ढांचे के दो सबसे अहम पदों पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यकाल में एक-एक वर्ष का सेवा विस्तार देने का निर्णय लिया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने कैबिनेट सचिव डॉ. टीवी सोमनाथन और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन के सेवा विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने 5 अगस्त को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए।
कैबिनेट सचिव डॉ. टीवी सोमनाथन (आईएएस, तमिलनाडु कैडर, 1987 बैच) को उनके वर्तमान पद पर एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। यह विस्तार 30 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा। कैबिनेट सचिव केंद्र सरकार का सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी होता है और विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय के साथ नीतिगत निर्णयों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. सोमनाथन इससे पहले वित्त सचिव सहित कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वहीं, गोविंद मोहन (आईएएस, सिक्किम कैडर, 1989 बैच) के कार्यकाल को भी केंद्रीय गृह सचिव के रूप में एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। उनका सेवा विस्तार 22 अगस्त 2026 से 22 अगस्त 2027 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
सरकारी आदेश के अनुसार, यह विस्तार एफआर-56 (डी) तथा ऑल इंडिया सर्विसेज (डेथ-कम-रिटायरमेंट बेनिफिट्स) रूल्स, 1958 के नियम 16(1ए) के प्रावधानों में शिथिलता (Relaxation) प्रदान करते हुए दिया गया है।
गृह सचिव देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों के संचालन में केंद्रीय भूमिका निभाते हैं। वहीं, कैबिनेट सचिव का पद केंद्र सरकार के प्रशासनिक तंत्र का शीर्ष पद माना जाता है। ऐसे में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यकाल में विस्तार को प्रशासनिक निरंतरता और नीति-निर्माण के लिहाज से महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।






