पलामू: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मामले में बुधवार को CID की टीम ने पलामू में छापेमारी की। टीम वारंट लेकर दो शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर पहुंची, लेकिन दोनों घर पर नहीं मिले। कार्रवाई में CID के अधिकारियों के साथ पलामू पुलिस की टीम भी शामिल रही।
दोनों शिक्षकों के घरों पर पहले भी हुई थी छापेमारी
मामले में इससे पहले 3 अगस्त को पलामू के मेदिनीनगर और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में CID और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। नौडीहा बाजार निवासी सरकारी शिक्षक संतोष कुमार सिंह और मेदिनीनगर के हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार के घर पर कार्रवाई की गई थी।
छापेमारी के दौरान जांच टीम ने दोनों शिक्षकों के घरों से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए थे। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए थे।
वारंट लेकर पहुंची थी जांच टीम
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के अनुसार, बुधवार को CID और पलामू पुलिस की टीम वारंट लेकर दोनों शिक्षकों के घर पहुंची। टीम संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर स्थित हमीदगंज मोहल्ले के आवास पर भी पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, दोनों शिक्षक फिलहाल फरार चल रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पलामू पुलिस ने की CID की मदद
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने CID की कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान पलामू पुलिस की टीम ने CID के अधिकारियों को सहयोग किया।
JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े मामले में जांच एजेंसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और बरामद दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।






