केरल में बीजेपी ने रचा इतिहास: वी.वी. राजेश बने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर

Share

तिरुवनंतपुरम। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पार्षद वी.वी. राजेश ने शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर पद की शपथ ली। मेयर चुनाव में उन्होंने 51 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वी.वी. राजेश को भाजपा के 50 पार्षदों और एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन प्राप्त हुआ। चुनाव के दौरान एम.आर. गोपन ने वी.वी. राजेश के नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि वी.जी. गिरि कुमार ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

मेयर पद की शपथ लेने के बाद वी.वी. राजेश ने कहा कि तिरुवनंतपुरम शहर के समग्र और तेज़ विकास के लिए सभी दलों को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह उस पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो देश की सत्ता में है, ऐसे में केंद्र सरकार के सहयोग से राजधानी शहर के विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि शहर की आवारा कुत्तों की समस्या सहित नागरिकों से जुड़ी सभी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करेंगे।

इससे पहले मेयर पद के चुनाव में कांग्रेस की ओर से के.एस. सबरीनाथन और मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी माकपा-माले (सीपीएम) की ओर से आर.पी. शिवाजी मैदान में थे। मतदान के बाद कुल 97 वोट वैध पाए गए, जबकि कांग्रेस के दो वोट अवैध घोषित कर दिए गए। बताया गया कि के.आर. क्लैटस और लतिका के मतों में हस्ताक्षर संबंधी त्रुटि पाए जाने के कारण उन्हें अमान्य करार दिया गया।

चुनाव परिणामों के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार के.एस. सबरीनाथन को 17 वोट, जबकि एलडीएफ के उम्मीदवार आर.पी. शिवाजी को 29 वोट प्राप्त हुए। मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला कलेक्टर ने स्वयं मेयर पद के सत्ता-चिन्ह (इन्सिग्निया) वी.वी. राजेश को सौंपे।

वी.वी. राजेश का संक्षिप्त परिचय

वी.वी. राजेश का जन्म केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के नेदुमंगड के पास करिपुर में वेलायुधन नायर के घर हुआ। उनकी पत्नी नित्या एस. नायर पूर्व में आईटी प्रोफेशनल रह चुकी हैं। उनके दो बेटे हैं।

राजेश पिछले दो दशकों से तिरुवनंतपुरम में भाजपा का प्रमुख चेहरा रहे हैं। वे दूसरी बार तिरुवनंतपुरम नगर निगम के पार्षद चुने गए। इससे पहले उन्होंने स्थानीय निकाय चुनाव में पूजप्पुरा वार्ड से जीत दर्ज की थी और हालिया चुनावों में कोडुंगनूर वार्ड से 515 मतों के बहुमत से विजयी हुए।

पेशे से वकील, 50 वर्षीय वी.वी. राजेश वर्तमान में भाजपा के प्रदेश सचिव हैं और एक अनुभवी संगठनात्मक नेता माने जाते हैं। वे पूर्व में भाजपा तिरुवनंतपुरम जिला अध्यक्ष और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एबीवीपी और युवा मोर्चा में विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूत किया।

विधानसभा चुनाव में भी आजमा चुके हैं किस्मत

साल 2021 के केरल विधानसभा चुनाव में वी.वी. राजेश ने वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में वे सीपीआई (एम) के वी.के. प्रशांत से पराजित हुए थे, लेकिन उन्होंने 39,596 वोट प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया था।

बहरहाल, तिरुवनंतपुरम नगर निगम पर कब्ज़ा जमाने के बाद भाजपा ने राजधानी शहर में अपना प्रभाव और मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तिरुवनंतपुरम दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री जनवरी के अंत तक राजधानी का दौरा कर सकते हैं और इस दौरान वे निगम पार्षदों के साथ एक विशेष बैठक भी करेंगे।

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तिरुवनंतपुरम नगर निगम के लिए विकास का रोडमैप घोषित करेंगे। पार्टी नेतृत्व ने वी.वी. राजेश को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित करते समय कहा था कि वे शहर में प्रधानमंत्री की यात्रा सुनिश्चित करेंगे और तिरुवनंतपुरम में ओलंपिक जैसे बड़े आयोजनों की संभावनाओं को भी आगे बढ़ाएंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930