— संस्था के कार्यों को बढ़ावा देने के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा
रांची, 28 अक्टूबर। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर और अनुकूल वातावरण मिले तो वे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। दिव्यांगजनों को सम्मान और समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल बुधवार को रांची के नामकुम स्थित दीपशिखा संस्था के नवनिर्मित सूचना केंद्र का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संस्था की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
शिक्षा से रोजगार तक समान अवसर जरूरी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेलकूद, रोजगार और सामाजिक भागीदारी के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। इससे वे अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग कर सकेंगे और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ पाएंगे।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल आत्मनिर्भर बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सरकार और समाज को मिलकर करना होगा प्रयास
राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए सरकार, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। समाज में ऐसा वातावरण बनाना जरूरी है, जहां दिव्यांगजनों को सम्मान मिले और वे बिना किसी भेदभाव के अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने दीपशिखा संस्था की ओर से इस दिशा में किए जा रहे कार्यों को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास दिव्यांगजनों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्था को एक लाख रुपये देने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने दीपशिखा संस्था के कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए अपने विवेकाधीन अनुदान मद से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी दिव्यांगजनों के विकास, सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के लिए काम करती रहेगी।






