रांची, 23 सितंबर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के पांच जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला और खूंटी शामिल हैं। वहीं, कई अन्य जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पांच जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला और खूंटी में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम को लेकर विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
तेज हवा के साथ वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने बारिश के साथ कई जिलों में गर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक 25 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
26 से 29 सितंबर तक भी सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 26 से 29 सितंबर के बीच भी राज्य में मौसम के सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। इस अवधि में कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ वज्रपात की संभावना है।
लगातार बारिश और तेज हवा को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
चांडिल में सबसे अधिक 50.2 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक 50.2 मिलीमीटर बारिश सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में दर्ज की गई। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में राज्य का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची में सुबह से दोपहर तक हुई मूसलाधार बारिश
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में तड़के से ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई थी। बारिश रुक-रुककर दोपहर तक जारी रही। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरे दिन मौसम ठंडा बना रहा।
रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
बुधवार को जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में अधिकतम 34.7 और न्यूनतम 26.1 डिग्री, बोकारो में 32.5 और 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में 31.4 और 24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है।






