पटना, 17 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों पर नई नियुक्तियां की हैं। नई जिम्मेदारियों में बिहार के तीन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका मिली है।
पार्टी की ओर से जारी नियुक्तियों के मुताबिक सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वहीं ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार राम को भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
ऋतुराज सिन्हा को मिली नई जिम्मेदारी
ऋतुराज सिन्हा इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नई नियुक्ति के साथ पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में उनकी भूमिका एक बार फिर महत्वपूर्ण हो गई है।
बिहार से तीन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश भाजपा में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।






