पलामू, 01 अगस्त । पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में एक महिला का शव जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पिछुलिया-डगड़गवाटांड़ जंगल से 45 वर्षीय महिला का शव बरामद किया है। मृतका की पहचान शाहपुर पंचायत के सतबरवा निवासी उमेश यादव की पत्नी लालो देवी के रूप में हुई है।
बाजार जाने के बाद नहीं लौटी महिला
परिजनों के अनुसार, लालो देवी शुक्रवार सुबह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने जंगल के रास्ते में महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद नौडीहा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
घटनास्थल से कई सामान बरामद
नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि लालो देवी उमेश यादव की पहली पत्नी थीं और पिछले कुछ वर्षों से बिहार के बकरीडीह स्थित अपने मायके में रह रही थीं। कुछ दिन पहले ही वह ससुराल आई थीं।
पुलिस ने घटनास्थल से सल्फास का डिब्बा, एक बड़ा मोबाइल, चप्पल, पॉलिथीन में रखी लौकी, करेला, भिंडी के बीज और रसगुल्ला बरामद किया है।
आत्महत्या की आशंका, जांच जारी
पुलिस को आशंका है कि महिला ने रसगुल्ले के साथ सल्फास खाकर आत्महत्या की होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जांच कई स्तरों पर की जा रही है। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतका के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






