सुनसरी में बोलबम यात्रा के दौरान विवाद के बाद हिंसा, पुलिस फायरिंग में युवक की मौत, कई घायल; इलाके में कर्फ्यू

Share

अररिया/सुनसरी (नेपाल), 27 जुलाई । नेपाल के सुनसरी जिले में बोलबम यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया है।

बोलबम यात्रा के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, नेपाली कैलेंडर के अनुसार सावन शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में शिवभक्त पिंडेश्वर में जलाभिषेक के लिए बोलबम यात्रा निकाल रहे थे। इसके बाद श्रद्धालुओं को भारत के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होना था।

इसी दौरान सुनसरी जिले की देवानगंज गांवपालिका-3 स्थित कप्तानगंज में यात्रा के दौरान धार्मिक झंडे और डीजे बजाने को लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।

हालात बिगड़ने पर पुलिस ने की फायरिंग

सुनसरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार थेवे के अनुसार, पुलिस ने पहले भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग की। इसके बावजूद स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर पुलिस को गोली चलानी पड़ी।

पुलिस कार्रवाई में कई लोग घायल हो गए। वहीं, झड़प के दौरान एक पुलिस निरीक्षक सहित कई पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

इलाज के दौरान युवक की मौत

पुलिस फायरिंग में घायल 24 वर्षीय ओमप्रकाश मेहता को गंभीर हालत में विराटनगर स्थित न्यूरो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज कोशी अस्पताल और विराट नर्सिंग होम में चल रहा है। घायलों में मिथलेश यादव, अमलेश मेहता, मिथलेश मेहता, अमित कुमार यादव, रविंद्र मेहता, सुनील कुमार मेहता समेत कई अन्य शामिल हैं।

कई पुलिसकर्मी भी हुए घायल

सुनसरी के जिलाधिकारी बासुदेव घिमिरे के अनुसार, घटना में एक पुलिस इंस्पेक्टर सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों में निरीक्षक राकेश राई के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि गणेश नारायण श्रेष्ठ, नवराज पोखरेल, अमर लाल यादव, राम बहादुर राई, विजय यादव, बुद्धदेव साह और निवेश यादव भी घायल बताए गए हैं।

आगजनी के बाद लगाया गया कर्फ्यू

फायरिंग और युवक की मौत से नाराज लोगों ने कप्तानगंज बाजार में कई घरों, मेडिकल स्टोर, वाहनों और अन्य संपत्तियों में आग लगा दी। हिंसा फैलने के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके में कर्फ्यू लागू कर दिया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना के कारणों और पुलिस कार्रवाई की जांच की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031