—जेएमपी परिसर में देर रात वारदात, सिर में गोली लगने से मौके पर मौत
पलामू, 27 जुलाई। झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित बाईपास रोड पर जेएमपी परिसर में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने सिक्योरिटी गार्ड विनोद पांडे (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
स्कूटी और कार से पहुंचे तीन बदमाश, गेट पर ले जाकर मारी गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे एक युवक स्कूटी से परिसर में पहुंचा। कुछ देर बाद उसने अपने दो अन्य साथियों को बुलाया, जो कार से वहां पहुंचे। तीनों परिसर में घूमते रहे और फिर गार्ड विनोद पांडे को उठाकर मुख्य गेट के पास ले गए, जहां उन्हें करीब से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुराने विवाद से जुड़ी हो सकती है हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि 15 जुलाई को परिसर में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए विवाद की रंजिश में इस हत्या को अंजाम दिया गया। उस दौरान परिसर के मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के साथ आए लोगों के बीच झड़प हुई थी। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और मामले की सुनवाई सोमवार को पलामू कोर्ट में होनी थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। जिस भवन में वारदात हुई, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
एसपी बोले- जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने सोमवार को घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक विनोद पांडे नावा बाजार थाना क्षेत्र के रजहरा निवासी जंगी पांडेय के पुत्र थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






