किशनगंज, 26 जुलाई । बहादुरगंज थाना क्षेत्र के एसआरपी चौक पर 25 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पुलिस पर हमले के मामले में किशनगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने घटना में कथित रूप से शामिल 55 संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से उनकी पहचान करने में सहयोग की अपील की है।
पुलिस पर हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कानून-व्यवस्था भंग करते हुए पुलिस बल पर हमला किया। इस दौरान पुलिस वाहनों समेत अन्य सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना में कई पुलिसकर्मी और आम नागरिक घायल हुए, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हेल्पलाइन नंबर जारी, गोपनीय रहेगी पहचान
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में किशनगंज पुलिस ने कहा कि जिन लोगों के पास तस्वीरों में दिख रहे व्यक्तियों के संबंध में कोई जानकारी हो, वे संबंधित फोटो क्रमांक का उल्लेख करते हुए पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031816144 और 9031816147 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधि-सम्मत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।






