जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग: बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी, गिरने से टूटा हाथ

Share

पूर्वी सिंहभूम। कदमा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। वारदात के दौरान महिला सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

बेटी के साथ घर लौट रही थीं महिला

जानकारी के अनुसार, कदमा निवासी संतोना जेना अपनी बेटी के साथ भाटिया बस्ती स्थित घर जा रही थीं। वह सरायकेला उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत हैं।

इसी दौरान रेसिंग बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने महंगे हेलमेट पहन रखे थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रहे।

झपट्टा मारकर छीनी सोने की चेन

बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने अचानक महिला के गले से करीब 16 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और बाइक सवार दोनों बदमाश तेज रफ्तार से भागने लगे।

वारदात के दौरान बदमाश के हाथ में पहना कड़ा महिला की बेटी से टकरा गया, जिससे दोपहिया वाहन का संतुलन बिगड़ गया और मां-बेटी सड़क पर गिर गईं।

हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल

गिरने से संतोना जेना के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागते समय बाइक के पीछे बैठा युवक बार-बार पीछे मुड़कर देख रहा था। उसने नारंगी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसे पुलिस के लिए एक अहम सुराग माना जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वरीय अधिकारी ही जानकारी साझा करेंगे।

इलाके में बढ़ी चिंता

दिनदहाड़े हुई इस चेन स्नैचिंग की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से बाइक सवार बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930