सारण। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की सहायक अवर निरीक्षक (वितंतु) लिखित परीक्षा के दौरान सारण पुलिस ने कदाचार के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने की कोशिश करते एक परीक्षार्थी को रंगे हाथ पकड़ा गया।
ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया परीक्षार्थी
मामला भगवानबाजार थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र कॉलेजियट प्लस टू विद्यालय परीक्षा केंद्र का है। यहां परीक्षा के दौरान भोजपुर निवासी परीक्षार्थी रूपेश कुमार को ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल करने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने परीक्षार्थी के पास से इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ सेट बरामद किया।
जांच में तीन अन्य लोगों की भूमिका सामने आई
मामले की जांच के दौरान पुलिस को परीक्षा केंद्र पर तैनात कुछ कर्मियों की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद कार्रवाई करते हुए दो बायोमैट्रिक सुपरवाइजर हैपी कुमार और प्रियंशु कुमार तथा एक जैमर कर्मी उत्सव कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपित परीक्षा में अनुचित सहायता उपलब्ध कराने की साजिश में शामिल पाए गए हैं।
सामान जब्त, मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से ब्लूटूथ सेट के अलावा आधार कार्ड और प्रवेश पत्र भी जब्त किया है।
इस मामले में भगवानबाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कदाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा
सारण पुलिस ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी तरह की धोखाधड़ी या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






