बेंगलुरु — कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास एक दर्दनाक हादसे में पत्थर खदान में काम कर रहे मजदूरों पर विशाल चट्टान गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज आरआर अस्पताल में जारी है।
40 फीट ऊंचाई से गिरी चट्टान
यह हादसा बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मादपट्टण गांव के पास स्थित कावेरी क्रशर पत्थर खदान में गुरुवार को हुआ। केंद्रीय परिक्षेत्र के आईजीपी गिरीश के अनुसार, करीब 40 फीट ऊंचाई से एक बड़ी चट्टान अचानक टूटकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गई।
उत्तर भारत के मजदूर भी थे शामिल
हादसे के समय खदान में 10 से 15 उत्तर भारतीय मजदूरों के साथ 2 से 3 स्थानीय श्रमिक भी काम कर रहे थे। मृतकों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के मजदूर शामिल हैं।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी राजपाल सिंह, सत्यनारायण सिंह, रामअवतार सिंह, भुवनेश्वर सिंह और राजेंद्र प्रसाद, छत्तीसगढ़ निवासी नूहर तथा कर्नाटक निवासी रामु के रूप में हुई है।
लापरवाही के आरोप, जांच शुरू
स्थानीय विधायक एसटी सोमशेखर ने कहा कि खदान सुरक्षा को लेकर पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन लापरवाही बरती गई। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि खदानों में मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संचालकों की जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस घटना के बाद खदानों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






