कोलकाता, 23 जून। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने विदेश यात्रा की अनुमति के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने मंगलवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ के समक्ष इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। मामले पर इस सप्ताह के अंत में सुनवाई होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी आंख के उपचार के लिए विदेश जाना चाहते हैं। उन्होंने अदालत से सात दिनों के लिए विदेश यात्रा की अनुमति मांगी है। हालांकि उनके विदेश जाने पर फिलहाल कोई प्रत्यक्ष प्रतिबंध नहीं है, लेकिन विभिन्न लंबित मामलों में उनका नाम शामिल होने के कारण उन्होंने एहतियातन अदालत से अनुमति लेने का निर्णय किया है।
जांच प्रक्रिया पर सवाल न उठे, इसलिए अदालत पहुंचे
बताया जा रहा है कि पूर्व में अदालत ने अभिषेक बनर्जी को उनसे जुड़े मामलों की जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था। ऐसे में विदेश यात्रा के दौरान जांच प्रक्रिया प्रभावित होने या किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो, इसके लिए उन्होंने हाई कोर्ट से अनुमति मांगी है।
सड़क दुर्घटना में आंख हुई थी गंभीर रूप से घायल
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2016 में मुर्शिदाबाद से पार्टी कार्यक्रम से लौटते समय अभिषेक बनर्जी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इस हादसे में उनकी आंख में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने देश के विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराया और बाद में विदेश में भी उपचार करवाया था।
पार्टी में बढ़ी गुटबाजी के बीच आया आवेदन
अभिषेक बनर्जी का यह आवेदन ऐसे समय सामने आया है, जब विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी तेज हो गई है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ खुला मोर्चा खोल रखा है। सोमवार को बागी गुट ने न्यू टाउन के एक होटल में बैठक कर नई राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया, जिसमें ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी दोनों को शामिल नहीं किया गया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे समय में अभिषेक बनर्जी की प्रस्तावित विदेश यात्रा और उस पर अदालत की सुनवाई राज्य की राजनीति में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।






