रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, लेकिन भाजपा ने अब तक अपने उम्मीदवार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा विधायकों की आज सुबह मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल के कक्ष में बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में पार्टी की रणनीति और उम्मीदवार को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
इस बीच झामुमो के बैजनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा तथा निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी आज नामांकन दाखिल करेंगे।
जानकारी के अनुसार, बैजनाथ राम के लिए दो सेट में नामांकन पत्र तैयार किए गए हैं, जिन पर 10-10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के नामांकन पत्र के एक सेट पर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडे सिंह समेत 10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं।
राज्यसभा चुनाव के लिए अब तक कुल छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इनमें बैजनाथ राम, प्रणव झा, भाजपा नेता गौरव वल्लभ, निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी, साई विजय रेड्डी और रवि कुमार यादव शामिल हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और महागठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे। उम्मीदवारों का नामांकन सुबह 11 बजे किया जाएगा।
राज्यसभा चुनाव को लेकर अब सभी की नजर भाजपा के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है।






