पटना: पटना में Nitish Kumar की पार्टी जदयू की विधायक दल की बैठक से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सड़कों पर लगे पोस्टर-बैनरों ने नए सियासी संकेत दे दिए हैं, जिनमें “Next CM of Bihar” का नारा सबसे ज्यादा चर्चा में है।

इन पोस्टरों में खास तौर पर Nishant Kumar को प्रमुखता दी गई है। “नीतीश जी का मिशन अधूरा, निशांत जी करेंगे पूरा” जैसे संदेशों के जरिए समर्थकों ने उन्हें भविष्य के नेतृत्व के तौर पर पेश करने की कोशिश की है।
पोस्टर में “विकसित बिहार” जैसे विजन का जिक्र करते हुए यह संदेश भी दिया गया है कि पार्टी अब युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के मूड में है। साथ ही, लोकनायक और अनुभवी नेताओं के साथ मिलकर आगे बढ़ने की बात कहकर संगठनात्मक एकजुटता दिखाने की कोशिश की गई है।
पटना की सड़कों पर लगे इन बड़े-बड़े पोस्टरों को समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच यह पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इसे आने वाले समय के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।






