भागलपुर में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत, घटनास्थल पर संघर्ष के संकेत, फॉरेंसिक टीम सक्रिय

Share

भागलपुर, 09 अप्रैल। जिले के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपनगर मोहल्ले में गुरुवार को एक 22 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध हालत में उसके कमरे से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा बिहार पुलिस की तैयारी कर रही थी।

कमरे में फंदे से लटका मिला शव
मृतका की पहचान लोदीपुर के तहबलपुर निवासी सुलेखा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसका शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला, लेकिन शरीर फर्श पर अधलेटा था, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।

घटनास्थल पर संघर्ष के संकेत
पुलिस को कमरे का दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले कमरे में किसी तरह का संघर्ष या जबरदस्ती हुई हो सकती है।

टूटा मोबाइल और गायब सिम ने बढ़ाई गुत्थी
जांच के दौरान एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी बैटरी अलग पड़ी थी और सिम कार्ड गायब था। इसके अलावा बैग से एक अन्य मोबाइल, आधार कार्ड की प्रतियां और एक डायरी भी मिली है।

अकेले रहकर कर रही थी तैयारी
बताया जा रहा है कि सुलेखा पिछले तीन महीनों से चौथी मंजिल पर किराए के कमरे में अकेले रह रही थी और प्रतियोगी परीक्षाओं, खासकर बिहार पुलिस की तैयारी कर रही थी। पिछले साल दिसंबर में पिता की मौत के बाद वह काफी संघर्ष कर रही थी।

किरायेदार ने दी घटना की जानकारी
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक अन्य किरायेदार मोटर चलाने के लिए छत पर गई। दरवाजा खुला देख अंदर झांकने पर उसने सुलेखा को फंदे से लटका पाया और शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।

हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच
जोगसर थाना पुलिस ने बताया कि मामला बेहद संदिग्ध है और इसे हत्या व आत्महत्या दोनों ही दृष्टिकोण से जांचा जा रहा है। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31