नोएडा। नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर एयरपोर्ट) के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) सुविधा का शिलान्यास भी किया।
प्रधानमंत्री ने उद्घाटन से पहले एयरपोर्ट के अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अनोखे अंदाज में उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान नरेन्द्र मोदी ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि “मैंने तो केवल पर्दा हटाया है, असली उद्घाटन आप लोग करें।” इसके बाद उन्होंने लोगों से मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने को कहा। हजारों लोगों ने एक साथ मोबाइल लाइट जलाकर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा।
‘उड्डयन क्षेत्र में नई ऊंचाई’
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि यह सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री के “विकास और विरासत” के विजन का उदाहरण है और इससे हर क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
योगी आदित्यनाथ ने बताया ऐतिहासिक क्षण
योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को “उड्डयन प्रदेश” बनने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
योगी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने और एक्साइज ड्यूटी में कमी के लिए भी केंद्र सरकार का आभार जताया।
विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में प्रदेश विकास से पीछे रह गया था, जबकि पिछले वर्षों में तेज विकास हुआ है।
बड़ी परियोजना, बड़े अवसर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े और आधुनिक हवाई अड्डों में से एक बनने जा रहा है। इसके शुरू होने से न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ेगी, बल्कि निवेश, व्यापार और पर्यटन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
इस कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल, बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





