भारत की उपलब्धियों और आम लोगों की सफलता की कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने की अपील, युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर दिया जोर
नई दिल्ली, 12 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मीडिया जगत से वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के राष्ट्रीय संकल्प में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे देश का संकल्प है। इसे साकार करने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। मीडिया को देश की उपलब्धियों, वैज्ञानिक प्रगति और आम नागरिकों की सफलता की कहानियों को प्रमुखता से सामने लाना चाहिए, ताकि भारत की सकारात्मक तस्वीर पूरी दुनिया तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों के लिए आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और ‘नॉन-ब्रेकिंग न्यूज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनका आभार जताया। कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, अश्विनी वैष्णव, मनसुख मांडविया, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित कई नेता मौजूद रहे।
पत्रकारों की डेडलाइन से जोड़ा विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने पत्रकारों के व्यस्त कार्यक्षेत्र और उनकी जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान हर व्यक्ति अपने परिवार और अपनों के साथ समय बिताना चाहता है, लेकिन पत्रकार लगातार खबरों की तलाश में व्यस्त रहते हैं। इसके बावजूद समारोह में पहुंचे पत्रकारों के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया।
उन्होंने मीडिया के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक मीडिया में आए बदलावों को करीब से देखा है।
प्रधानमंत्री ने पत्रकारों की डेडलाइन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह पत्रकारों के काम में समयसीमा का महत्व होता है, उसी तरह देश भी अब एक निश्चित समयसीमा के साथ आगे बढ़ रहा है। यह समयसीमा वर्ष 2047 है, जब भारत की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना आजादी के समय से ही देश के साथ रहा है, लेकिन अब इसे पूरा करने के लिए एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि देश 2047 तक इंतजार करे। हमें अभी से छोटे-बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें समय पर पूरा करने की दिशा में काम करना होगा।
चंद्रयान से मोबाइल निर्माण तक गिनाईं देश की उपलब्धियां
प्रधानमंत्री ने भारत की वैज्ञानिक, तकनीकी और आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में देश ने कई ऐसे मुकाम हासिल किए हैं, जिनकी कभी कल्पना करना भी मुश्किल था।
उन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास भारत की सफल लैंडिंग, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बनने, चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बनाने और सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 50 गुना से अधिक वृद्धि जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि भारत ने महज 12 वर्षों में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार किया है। ये उपलब्धियां देश की तकनीकी क्षमता, नवाचार और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती हैं।

भारत की सफलता की कहानियां दुनिया तक पहुंचाए मीडिया
प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया से आग्रह किया कि वह देश की उपलब्धियों और आम नागरिकों की सफलता की कहानियों को अपने समाचारों और कार्यक्रमों में उचित स्थान दे। उन्होंने कहा कि भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्हें दुनिया के सामने लाना जरूरी है।
उनके अनुसार, देश की सकारात्मक उपलब्धियों और आम लोगों के संघर्ष से सफलता तक पहुंचने की कहानियों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाना मीडिया की ओर से की जाने वाली बड़ी देशसेवा होगी।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए चलाएं जागरूकता अभियान
प्रधानमंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने मीडिया जगत से इस सामाजिक चुनौती के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मीडिया जब सामाजिक सरोकारों, राष्ट्रीय एकता और समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले विषयों को अपने मंचों और बहसों में जगह देगा, तब विकसित भारत के अभियान को और गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने भारतीय पर्वों को वैश्विक पहचान दिलाई : नितिन नवीन
समारोह में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर साल देश के जवानों के साथ दीपावली मनाते हैं। इस बार नक्सलवाद के खात्मे के बाद वह बस्तर में नक्सलवाद से प्रभावित लोगों के साथ दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए।
नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2015 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दीपावली को वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति की पहचान बनाने की दिशा में काम किया है। योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ भारतीय त्योहारों और परंपराओं को भी दुनिया के सामने मजबूती से प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ आह्वान से भारतीय उत्पादों, परंपराओं और संस्कृति को नई पहचान मिल रही है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से हर घर तक रोशनी और विकास की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2047 भारत के सामने एक बड़ी समयसीमा है। आजादी के 100 वर्ष पूरे होने से पहले देश को विकसित राष्ट्र बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। समय के साथ प्राथमिकताएं और काम करने की रफ्तार बदलती है। भारत जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में प्रयास जारी रखने की जरूरत है।

पत्रकारों के साथ प्रधानमंत्री ने खिंचवाई सेल्फी
कार्यक्रम में संबोधन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पत्रकारों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। उन्होंने पत्रकारों की शुभकामनाएं और अभिवादन हाथ जोड़कर स्वीकार किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पत्रकारों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।
उनके साथ मौजूद केंद्रीय मंत्रियों ने भी पत्रकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और विभिन्न विषयों पर बातचीत की। दीपावली मिलन समारोह में मीडिया और भाजपा नेताओं के बीच संवाद का माहौल देखने को मिला।






